
ड्रोन से पुलिस की निगरानी कर चला रहे थे अवैध पटाखा फैक्ट्री, पिता-पुत्र गिरफ्तार

जौनपुर। मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के भंडरिया टोला में पुलिस ने अवैध पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों पुलिस से बचने के लिए ड्रोन कैमरे से निगरानी करते हुए पटाखा बनाने और भंडारण का काम कर रहे थे। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में बने पटाखे, विस्फोटक सामग्री और ड्रोन कैमरा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 3 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद सिंह के साथ भंडरिया टोला में छापेमारी की। इस दौरान इम्तियाज अहमद (48) और उसके पुत्र मोहम्मद कैफ (23) को हिरासत में लिया गया। दोनों इसी गांव के निवासी हैं।
मड़ियाहूं पीजी कॉलेज में छह नवंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 50 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभागछापेमारी में 155 किलोग्राम अनार, 60 किलोग्राम सुतली बम, 19.5 किलोग्राम सिंघाड़ा पटाखा और करीब 53 किलोग्राम सोरा व बारूद पाउडर बरामद हुआ। इसके अलावा गंधक, कोयला पाउडर, एल्यूमीनियम कतरन, पटाखा बनाने के कागज, बाती, रैपर और अन्य सामग्री भी मिली। मौके से 1530 खाली मिट्टी की अनार घरिया, पटाखा बनाने के उपकरण, तराजू और एक ड्रोन कैमरा भी बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र सहित मड़ियाहूं थाने की पुलिस टीम शामिल रही।




