
मां शीतला के कूष्मांडा स्वरूप के दर्शन को उमड़े 15 हजार श्रद्धालु

जौनपुर। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को मां शीतला मातारानी के कूष्मांडा स्वरूप के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह नौ बजे तक करीब 15 हजार भक्तों ने मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। मंदिर के कपाट खुलने के बाद पुजारियों ने माता रानी का श्रृंगार किया। इसके बाद आरती और पूजन हुआ। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही।
महंत विनय त्रिपाठी ने बताया कि मां कूष्मांडा ने अपनी मंद मुस्कान से ब्रह्मांड की रचना की थी। माता की आठ भुजाएं हैं और उन्हें कुम्हड़े की बलि प्रिय मानी जाती है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे। थानाध्यक्ष केके सिंह और चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ व्यवस्था संभालते रहे। आजमगढ़ मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए मंदिर से 300 मीटर दूर पूर्वी मुख्य मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। अन्य मार्गों से आने वाले वाहनों की पार्किंग बड़ागर चौराहे पर कराई गई है।








