
सिकरारा में लूट की घटना का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; 15 हजार रुपये और बैंक के दस्तावेज बरामद

जौनपुर। सिकरारा थाना पुलिस ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 15 हजार रुपये नकद, यूनियन बैंक की दो चेकबुक, पंजाब नेशनल बैंक की एक पासबुक, कैश रजिस्टर, परिचय पत्र और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक शुक्ला पुत्र अरुण कुमार शुक्ला निवासी बभनौली, थाना सिकरारा, जौनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को मनमोहन सिंह निवासी देवपुर (धोवहाँ), थाना सिकरारा, शेरवां स्थित अपने ग्राहक सेवा केंद्र को बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश उनकी स्कूटी और उसकी डिग्गी में रखे रुपये, बैंक की चेकबुक, पासबुक, परिचय पत्र तथा कैश वितरण रजिस्टर लूटकर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर सिकरारा थाने में मुकदमा संख्या 346/26 के तहत धारा 309(4) और 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर 11 अक्टूबर को सुरतासापुर नहर पुलिया से अभिषेक शुक्ला को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना में लूटी गई स्कूटी पहले ही लावारिस हालत में बरामद की जा चुकी थी। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सिकरारा थाने में पहले से भी दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कमलेश कुमार तिवारी, कांस्टेबल हरेंद्र कुमार और कांस्टेबल कन्हैया शामिल रहे।








