
स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार जरूरी: डॉ. माधुरी सिंह

राष्ट्रीय पोषण सप्ताह में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ भगत सिंह के आदर्शों को किया नमन
जौनपुर। मोहम्मद हसन पी.जी. कॉलेज, जौनपुर में सेवा भारती, काशी प्रांत के तत्वावधान में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अंतर्गत पोषण जागरूकता कार्यक्रम एवं शहीद-ए-आजम भगत सिंह जयंती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने की। मुख्य अतिथि डॉ. माधुरी सिंह, पूर्व प्राचार्य टी.डी. पी.जी. कॉलेज, जौनपुर, सेवा भारती संरक्षक एवं बौद्धिक प्रमुख ने संतुलित आहार को स्वस्थ एवं निरोगी जीवन की आधारशिला बताते हुए कहा कि पोषण संबंधी जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। विशिष्ट अतिथि विमला श्रीवास्तव, पूर्व प्रधानाचार्य ने शहीद भगत सिंह के अदम्य साहस, राष्ट्रप्रेम एवं बलिदान को नमन करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए पोषण, स्वास्थ्य, संस्कार और राष्ट्रप्रेम को साथ लेकर चलना आवश्यक है। डॉ. संध्या सिंह, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, मां शारदा हॉस्पिटल ने महिलाओं, गर्भवती माताओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य और पोषण पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए संतुलित आहार, आवश्यक पोषक तत्वों, स्वच्छता तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं और किशोरियों का बेहतर स्वास्थ्य परिवार एवं समाज के स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव है। सेवा भारती काशी प्रांत की प्रांत मंत्री ने सेवा एवं सामाजिक सहभागिता के माध्यम से कुपोषण के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया, जबकि मीना यादव, आंगनबाड़ी शिक्षिका एवं सेवा भारती किशोरी प्रमुख, जौनपुर ने किशोरियों के पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जानकारी साझा की। इस अवसर पर आर.पी. सिंह, डॉ. प्रज्वलित यादव, डॉ. आशीष श्रीवास्तव, डॉ. संतोष सिंह, प्रवीण यादव, तकरीम फातिमा सहित महाविद्यालय परिवार के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अहमद अब्बास खान ने किया। अंत में शहीद भगत सिंह के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा स्वस्थ समाज और समर्थ राष्ट्र के निर्माण का संकल्प लिया गया।









