
जिला कारागार पहुंचे डीजी पीसी मीना, बैरक-पाकशाला का लिया जायजा

जौनपुर। महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं उत्तर प्रदेश, लखनऊ पीसी मीना ने शुक्रवार को जिला कारागार जौनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कारागार परिसर, बैरकों, पाकशाला और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने विभिन्न बैरकों में पहुंचकर बंदियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। पाकशाला का निरीक्षण करते हुए वहां तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था को देखा।
बंदियों से श्रम के एवज में मिलने वाले पारिश्रमिक के बारे में पूछताछ की गई। इस पर बंदियों ने बताया कि उन्हें निर्धारित पारिश्रमिक का समय से भुगतान किया जाता है। महानिदेशक ने कारागार में स्थापित सुरक्षा उपकरणों का भी निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
पीसी मीना ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कारागार की व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने जेल की भूमि तथा नवीन जिला कारागार के निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी, उप कारापाल एवं प्रभारी कारापाल सुभाष चंद्र पांडेय, उप कारापाल नंद किशोर गौतम सहित अन्य कारागार कर्मी मौजूद रहे।
जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में टीडी इंटर कॉलेज का दबदबा, तीनों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान







