
जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में टीडी इंटर कॉलेज का दबदबा, तीनों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान

जौनपुर। राज्य शिक्षा संस्थान, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के तत्वावधान में राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना के अंतर्गत शुक्रवार को तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज, जौनपुर में जनपद स्तरीय रोल प्ले, पोस्टर पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। तीनों प्रतियोगिताओं में तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
निबंध प्रतियोगिता में तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा ज्ञानवी पाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज पचवर, केराकत की कक्षा 10 की छात्रा अंशिका यादव दूसरे और राजकीय हाई स्कूल परियावा, सिरकोनी की कक्षा 10 की छात्रा काजल गौतम तीसरे स्थान पर रहीं।
पोस्टर प्रतियोगिता में ‘पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता’ तथा ‘जेंडर समानता’ जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा उजाला निषाद ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय इंटर कॉलेज पचवर, केराकत की अंजली सरोज ने द्वितीय और राजकीय हाई स्कूल परियावा, सिरकोनी की नैन्सी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रोल प्ले प्रतियोगिता में ‘पारस्परिक संबंध’ विषय पर तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज की कक्षा 9 की जान्हवी वर्मा, वैष्णवी चौरसिया, स्वदीपिका सिंह और कशिश पाण्डेय की टीम ने प्रभावी प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज पचवर, केराकत की ओम तिवारी, सौरभ तिवारी, अंश गुप्ता, रोशन मौर्य और आशीष यादव की टीम ‘स्वस्थ बढ़ना’ विषय पर प्रस्तुति देकर दूसरे स्थान पर रही। राजकीय हाई स्कूल परियावा, सिरकोनी की प्रिंस, प्रांजल, प्रियांशु, आदर्श गौड़ और सचिन की टीम ने ‘मूल्य एवं जिम्मेदार नागरिक’ विषय पर प्रस्तुति देकर तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के समापन पर प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह और नोडल प्रभारी डॉ. गनेश कुमार ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रभारी शिक्षक डॉ. मंजू सिंह, सरिता सिंह, गीता सहित विभिन्न विद्यालयों के मार्गदर्शक शिक्षक मौजूद रहे।









