
जर्जर पोल बदलने और ट्री कटिंग के चलते चार घंटे बाधित रहेगी बिजली

जौनपुर। अनुरक्षण माह एवं आगामी दुर्गा पूजा पर्व के मद्देनजर विद्युत तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र अहियापुर पर जर्जर विद्युत पोल बदलने और तारों के आसपास पेड़ों की टहनियों की छंटाई का कार्य कराया जाएगा। इसके चलते 22 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक करीब चार घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
इस दौरान अहियापुर उपकेंद्र से जुड़े पुरानी बाजार, वर्ल्ड बैंक, कोतवाली एवं टाउन-2 फीडर प्रभावित रहेंगे। मंडी नसीब खान, मीरमास्ट, खासनपुर, उर्दू बाजार, पुरानी बाजार, लाल दरवाजा, रसूलाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी।
उपखंड अधिकारी जितेंद्र कुमार एवं अवर अभियंता नीरज कुमार ने बताया कि आगामी त्योहारों में उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अनुरक्षण कार्य कराया जा रहा है। कार्य के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से बीच-बीच में भी आपूर्ति बंद की जा सकती है। कार्य पूरा होते ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से जलापूर्ति एवं अन्य आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लेने की अपील की है।








