
विजन के साथ शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ें महाविद्यालय: कुलपति

राजकीय, अनुदानित एवं स्ववित्तपोषित कालेज के प्राचार्यों और प्रबंधकों की बैठक
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राजकीय, अनुदानित एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के प्राचार्यों और प्रबंधकों की एक महत्वपूर्ण बैठक कुलपति प्रो. आर.के. सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को आनलाइन मोड में संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक उत्कृष्टता, संस्थागत विकास और राष्ट्रीय स्तर के अभियानों में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करना था। कुलपति प्रो. सिंह ने महाविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि हर संस्थान अपनी विशिष्ट क्षमताओं, उपलब्ध संसाधनों और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप एक स्पष्ट विजन निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़े। उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश, शोध, नवाचार और रैंकिंग जैसी भावी कार्ययोजनाओं पर प्राचार्यों के साथ संवाद किया और उनसे सुझाव भी आमंत्रित किए।
बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा हुई। इसके तहत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा रंग’ और ‘इनोवेशन चैलेंज’ जैसे कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, युवाओं को जागरूक करने के लिए ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के अंतर्गत सभी संस्थानों में आगामी 100 सप्ताह तक नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक उत्तरदायित्व पर निरंतर थीम आधारित गतिविधियां संचालित करने को कहा गया।
युवाओं में नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ क्विज प्रतियोगिता को मिशन मोड में संचालित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए ‘माई भारत’ पोर्टल पर अधिक से अधिक छात्रों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य तय किया गया है। इससे पूर्व, अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं अभियान के संयोजक प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और नियमित रिपोर्टिंग का आग्रह किया। इस अवसर पर कुलसचिव विनोद कुमार सिंह, प्रो. मिथिलेश सिंह और एनएसएस समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रबंधक उपस्थित रहे।








