• Thu. Sep 10th, 2026

    करंजाकला तिराहे पर गोलीकांड का पुलिस ने किया खुलासा, पांच गिरफ्तार

    Breaking newsBreaking news
    Share

    जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला तिराहे पर बुधवार की रात दो युवकों को गोली मारे जाने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित तीन पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया।

    बता दें कि 9 सितंबर 2026 को करंजाकला तिराहे पर दो व्यक्तियों विपिन यादव उर्फ मखनचू और अंश को गोली लगने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया था।

    घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले के शीघ्र अनावरण के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। संयुक्त प्रयास के बाद पुलिस ने मामले में पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।

    पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करंजाकला तिराहे पर दोनों पक्षों की गाड़ियां आमने-सामने आ गई थीं। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद गोली चलने की घटना हुई।

    पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

    अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जौनपुर आतिश कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *