पार्टी का आदेश मिला तो 2027 का विधानसभा चुनाव जरूर लड़ूंगी
जौनपुर। पूर्व राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री (लोक निर्माण विभाग) कुसुम राय बुधवार को भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की माता स्व. जमुरता देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करने आजमगढ़ के ठेकमा ब्लॉक अंतर्गत जिवली गांव पहुंचीं। उन्होंने स्व. जमुरता देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद कुसुम राय का काफिला पूर्वांचल की आस्था के प्रमुख केंद्र मां शीतला चौकियां धाम पहुंचा। यहां उन्होंने मां शीतला के दरबार में विधिवत दर्शन-पूजन किया और लोककल्याण की कामना की।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान कुसुम राय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है। जनता सरकार के कामकाज से संतुष्ट है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत देकर सरकार बनाने का अवसर देगी।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास जनता के बीच ले जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है। सत्ता से दूर रहने के कारण विपक्ष बौखलाहट की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूलमंत्र पर काम कर रही है। देश और प्रदेश लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन यह विपक्ष को रास नहीं आ रहा है।
राजनीतिक सक्रियता को लेकर पूछे गए सवाल पर कुसुम राय ने कहा कि उन्होंने हमेशा सक्रिय राजनीति की है और आमजन की सेवा के साथ पार्टी के आदेश-निर्देश के अनुसार काम करती रही हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह भाजपा की सच्ची सिपाही हैं और पार्टी का जो भी आदेश होगा, उसे सहर्ष स्वीकार करेंगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि पार्टी ने निर्देश दिया तो वह 2027 का विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेंगी।
चुनावी तैयारियों के सवाल पर कुसुम राय ने कहा कि भाजपा और उसका प्रत्येक कार्यकर्ता हमेशा चुनाव की तैयारी में लगा रहता है। ऐसे में चुनाव के लिए अलग से विशेष तैयारी करने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की बात कही।
इधर, प्रदेश के सियासी गलियारों में कुसुम राय की चुनावी सक्रियता को लेकर चर्चाएं तेज हैं। राजनीतिक चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि भाजपा उन्हें लखनऊ पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतार सकती है। हालांकि इस संबंध में पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। समर्थकों और स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं में कुसुम राय की जमीनी पकड़, मिलनसार व्यवहार और लोकप्रियता को उनकी संभावित चुनावी दावेदारी की मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।
इस दौरान समाजसेवी वीरेंद्र कुमार राय, जनरल सेक्रेटरी स्वामी सहजानंद सरस्वती हितकारी समाज सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

