पनौली हत्याकांड में पुलिस ने आरोपित को दबोचा, घटना में प्रयुक्त ईंट बरामद
खुटहन, जौनपुर। नव निर्माणाधीन मकान में विवाहिता की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। दरवाजा लगाने के काम को लेकर हुए विवाद में बढ़ई लालमन विश्वकर्मा ने 48 वर्षीय विवाहिता गुड़िया की ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी थी। मंगलवार को पुलिस ने आरोपित को लक्ष्मीशंकर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद की गई।
पनौली गांव में सोमवार को गुड़िया पत्नी मुक्तार अहमद अपने निर्माणाधीन मकान में फर्नीचर का काम कराने पहुंची थीं। कुछ देर बाद उनका शव मकान में पड़ा मिला। सिर पर चोट के निशान मिलने पर स्वजन ने हत्या की आशंका जताई थी। जांच में पता चला कि गुड़िया ने गांव के ही लालमन से दरवाजा लगवाया था। काम खराब होने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि इसी विवाद में लालमन ने ईंट से प्रहार कर गुड़िया की हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर लालमन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने लक्ष्मीशंकर मोड़ से उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थानाध्यक्ष के अलावा वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रेमशंकर सिंह, कांस्टेबल अजय यादव व अभिषेक मिश्रा शामिल रहे।

