• Tue. Sep 8th, 2026

    पेंशनर्स 29 सितंबर को करेंगे देशव्यापी विरोध प्रदर्शन

    Share

    जौनपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पेंशनर्स कार्यालय में जिलाध्यक्ष सीबी सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्र सरकार की ओर से गठित आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स के टर्म्स ऑफ रेफरेंस को शामिल करने और वित्त विधेयक 2025 को वापस लेने की मांग को लेकर चर्चा की गई।

    केंद्र सरकार की उपेक्षा से नाराज पेंशनर्स ने अखिल भारतीय राज्य सरकार पेंशनर्स फेडरेशन के आह्वान पर 29 सितंबर को देशभर में होने वाले विरोध प्रदर्शन को जिले में सफल बनाने की रणनीति बनाई। जिलाध्यक्ष सीबी सिंह ने कहा कि पेंशनर्स की मांगों को लेकर संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है। अब तक प्रदेश संगठन की ओर से एक लाख पेंशनर्स के हस्ताक्षर वाली याचिका प्रधानमंत्री को भेजी जा चुकी है, लेकिन आठवें वेतन आयोग के संकल्प पत्र में पेंशनर्स के टर्म्स ऑफ रेफरेंस को शामिल नहीं किया गया है।

    उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग के लाभ से वंचित करने की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि जब तक पेंशनर्स के टर्म्स ऑफ रेफरेंस को वेतन आयोग के संकल्प पत्र में शामिल नहीं किया जाता, तब तक संगठन संघर्ष जारी रखेगा।

    बैठक में जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिलाधिकारी प्रत्येक माह के चौथे शनिवार को दोपहर 12 से 1 बजे तक सभी विभागों के कार्यालयाध्यक्षों के साथ संगठन के पदाधिकारियों की बैठक करेंगे। इसमें पेंशनर्स की समस्याओं पर चर्चा कर उनका समाधान कराया जाएगा। पेंशनर्स ने इस पहल के लिए जिलाधिकारी का आभार जताया।

    बैठक में वक्ताओं ने पेंशनर्स की दस सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। इनमें वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराये में पहले मिलने वाली छूट बहाल करने, पेंशन राशिकरण की वसूली अवधि 15 वर्ष से घटाकर 10 वर्ष करने, पेंशन को आयकर से मुक्त करने तथा 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी होने पर क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन देने की मांग प्रमुख रही।

    वक्ताओं ने 29 सितंबर को होने वाले धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पेंशनर्स से शामिल होने की अपील की। बैठक को राकेश कुमार श्रीवास्तव, वीवी सिंह, इंजीनियर प्रमोद कुमार सिंह, कान्ती सिंह, विमला गुप्ता, आशा देवी, कंचन सिंह, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, चंद्रशेखर सिंह, सूबेदार यादव, रमेश चंद्र सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। संचालन जिलामंत्री कृपाशंकर उपाध्याय ने किया।

    बैठक के अंत में सेवानिवृत्त एडीओ (आईएसबी) स्व. पुद्नराम यादव के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पेंशनर्स मौजूद रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *