18 लाख का 36 किलो गांजा बरामद
सोनभद्र। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो से 36 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 36 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर मौजूद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये है, जबकि स्कॉर्पियो समेत बरामदगी की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ ऑपरेशन शुद्धि लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


