वाराणसी में आयोजित 70वीं प्रदेशीय विद्यालयी हैंडबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल ने सभी छह वर्गों में चैंपियन बनकर इतिहास रचा है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि और मंडलीय टीम की खिताबी जीत में जौनपुर जनपद में स्थित महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, रामदयालगंज के चार प्रतिभावान खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के दौरान अंडर-19 बालक वर्ग के फाइनल में वाराणसी मंडल ने आजमगढ़ को 5-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस वर्ग में महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के हाईस्कूल के छात्र समर निषाद और रघुवीर यादव ने अपने उत्कृष्ट खेल और कौशल का प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया।
बालिका वर्ग में भी इसी विद्यालय की छात्राओं का दबदबा रहा। कक्षा 7 की छात्रा आस्था मोदनवाल ने अंडर-19 वर्ग में और अंशिका यादव ने अंडर-17 वर्ग में अपनी प्रतिभा व क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल में वाराणसी ने अयोध्या को 10-4 से पराजित किया, वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग के फाइनल में अयोध्या को 6-4 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इन दोनों छात्राओं के बेहतरीन प्रदर्शन के बदौलत वाराणसी मंडल की टीम विजेता बनी।
सभी चार खिलाडियों को विद्यालय में सम्मानित करते हुए प्रधानाचार्य आलोक सिंह व जिला हैण्ड बॉल संघ अध्यक्ष विवेक सिंह ने इस उपलब्धि पर सभी खिलाडियों और विद्यालय परिवार को बधाई दी। प्रधानाचार्य ने कहा कि कोई भी प्रतिभा कही भी दबकर ना रह जाये इसके लिए विद्यालय में विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन का श्रेय खेल अध्यापक निखिल सिंह द्वारा कॉलेज में दिए जा रहे उच्च स्तरीय हैंडबॉल प्रशिक्षण और अनुशासन को दिया है।
खेल की आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप बुनियादी सुविधाएं और निरंतर प्रोत्साहन मिलने के कारण ही यहाँ से प्रतिभावान खिलाड़ी निकलकर मंडलीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जनपद का नाम रोशन कर रहे हैं। इससे पहले भी यहाँ के छात्र–छात्राएं हैण्ड बॉल, क्रिकेट, टाईक्वान्डो, क्वान-क्वी-डो जैसे खेल में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर चुके हैं।
वाराणसी मंडल की ऐतिहासिक जीत में चमके महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज रामदयालगंज के चार होनहार खिलाड़ी

