इजहार हुसैन
जफराबाद। थाना क्षेत्र के मोहल्ला नासही स्थित तालाब में शुक्रवार को एक युवक का शव उतराता मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान मोहल्ला हौली निवासी नासिर पुत्र जुबैर (24) के रूप में हुई। नासिर पिछले दो-तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता था। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार नासिर पिछले दो-तीन दिनों से घर से गायब था। परिजन उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। परिजनों के मुताबिक नासिर नशे का आदी था। इसी बीच शुक्रवार को मोहल्ला नासही स्थित तालाब की ओर गए कुछ ग्रामीणों की नजर पानी में उतराते शव पर पड़ी। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना जफराबाद पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया। जानकारी मिलते ही नासिर के परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। युवक तालाब तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सभी बिंदुओं को लेकर पुलिस जांच कर रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।


