
टी.डी. कॉलेज के प्रोफेसर महेंद्र कुमार त्रिपाठी का प्राचार्य पद पर चयन, क्षेत्र में हर्ष की लहर

जौनपुर। तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय (टी.डी. कॉलेज), जौनपुर में हिंदी के प्रोफेसर महेंद्र कुमार त्रिपाठी का उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा अशासकीय सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेज में प्राचार्य पद पर चयन हुआ है। आयोग द्वारा 19 नवंबर 2026 को घोषित चयन परिणाम में डॉ. त्रिपाठी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि का समाचार प्राप्त होते ही महाविद्यालय सहित उनके गृह क्षेत्र में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त हो गया। क्षेत्रीय नागरिकों, शुभचिंतकों एवं शिक्षाविदों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं।
डॉ. त्रिपाठी मूलतः मड़ियाहूँ तहसील के बरसठी ब्लॉक अंतर्गत हरद्वारी गाँव के निवासी हैं तथा वर्तमान में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत अध्यक्ष हैं।उनके पिता स्वर्गीय श्रीदेव तिवारी मड़ियाहूँ स्थित बी.एन.बी. इंटर कॉलेज में दीर्घकाल तक प्रधानाचार्य रहे तथा माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएँ प्रदान कीं। शिक्षा, अनुशासन एवं सामाजिक प्रतिष्ठा की समृद्ध पारिवारिक परंपरा से अनुप्राणित डॉ. त्रिपाठी चार भाइयों में सबसे छोटे हैं।
उनकी प्रारंभिक शिक्षा गाँव के प्राथमिक विद्यालय से हुई। माध्यमिक शिक्षा उन्होंने बी.एन.बी. इंटर कॉलेज, मड़ियाहूँ से प्राप्त की। इसके पश्चात मड़ियाहूँ पी.जी. कॉलेज, टी.डी. कॉलेज, जौनपुर तथा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से उच्च शिक्षा अर्जित की। उनके बड़े भाई सत्येंद्र कुमार त्रिपाठी जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर, दूसरे भाई जितेंद्र कुमार त्रिपाठी महाप्रबंधक के पद पर तथा तीसरे भाई शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी बाट-माप अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।
डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने गर्व व्यक्त करते हुए इसे परिवार, गाँव एवं जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उनके अग्रज एवं प्रधानाध्यापक सोमेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि डॉ. त्रिपाठी का प्राचार्य पद पर चयन समूचे परिवार के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है।
चयन परिणाम घोषित होने के उपरांत टी.डी. कॉलेज के प्राध्यापकों ने भी डॉ.त्रिपाठी को बधाई देते हुए उनके भावी दायित्वों के सफल निर्वहन एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। बधाई देने वालों में मड़ियाहूं पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. गौरी शंकर त्रिपाठी, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी के संस्कृत विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. लल्लन मिश्र, टी.डी. कालेज के प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह, प्रो. अरुण कुमार सिंह, मड़ियाहूं पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एस.के. पाठक, प्रो. मनोज कुमार सिंह, प्रो. पुष्पा सिंह, प्रो. सुषमा सिंह, प्रो. अजय कुमार दुबे, पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विजय सिंह, पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. राहुल सिंह, महामंत्री डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रो. हरिओम त्रिपाठी, प्रो. आर.एन. ओझा, प्रो. दलसिंगार सिंह, प्रो. वंदना दुबे, प्रो. राजदेव दुबे, प्रो.सत्य प्रकाश सिंह, प्रो. मनोज श्रीवास्तव, डॉ. अखिलेश सिंह, डॉ. सिद्धार्थ सिंह, डॉ. प्रशांत त्रिवेदी, डॉ. संजीव सेन सिंह, डॉ. धर्मेश राज एवं डॉ. नरेंद्र देव पाठक सहित अनेक प्राध्यापक सम्मिलित रहे।
डॉ. त्रिपाठी के चयन से महाविद्यालय परिवार एवं क्षेत्र में गौरव और उल्लास का वातावरण है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी विद्वत्ता, प्रशासनिक दक्षता, शैक्षणिक दृष्टि एवं प्रतिबद्धता से प्राचार्य पद के दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ अर्जित करेंगे।








