
लक्ष्मी प्रतिमा लेकर जा रहे टोटो को डंपर ने मारी टक्कर, युवक की मौत, कई घायल

जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर गांव के पास गुरुवार की रात डंपर की टक्कर से टोटो सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। टोटो पर सवार सभी लोग माता लक्ष्मी की प्रतिमा लेकर पूजा के लिए फतेहगंज जा रहे थे। हादसे में घायल लोगों में नाबालिग भी शामिल हैं।
बताया जाता है कि गुरुवार रात करीब 10 बजे बक्सा थाना क्षेत्र के फतेहगंज बाजार निवासी कुछ युवक और बच्चे टोटो पर माता लक्ष्मी की प्रतिमा लेकर फतेहगंज जा रहे थे। इसी दौरान सीहीपुर गांव के पास सामने से आ रहे डंपर ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टोटो सवार आशीष कुमार (18) पुत्र तूफानी प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में आनंद कुमार प्रजापति (18) पुत्र गुलाब प्रजापति, शिवम (24) पुत्र बादल गौतम और यश जायसवाल (करीब 16) पुत्र धन्नू जायसवाल सहित अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायल फतेहगंज बाजार के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।








