
पेट्रोल पंप पर सात बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग, मशीन तोड़ी, सात खोखे बरामद

जौनपुर
बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के पूरा मुकुंद गांव स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-56 वाराणसी-लखनऊ पर मृदुल कुमार अनिल कुमार पेट्रोल पंप पर तीन बाइकों से पहुंचे सात अज्ञात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बुधवार रात 11:55 बजे बदमाशों ने पेट्रोल पंप मालिक अजय सिंह उर्फ छोटे मुन्ना को जान से मारने की नीयत से गाली-गलौज करते हुए उनके बारे में पूछताछ की। मालिक के मौके पर मौजूद नहीं होने पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।


फायरिंग की आवाज सुनकर पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए प्रबंधक अनुज कुमार सिंह और अन्य कर्मचारी कमरे में बंद हो गए। आरोप है कि बदमाशों ने पेट्रोल पंप की मशीन भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दी और गाली-गलौज करते हुए फरार हो गए।
पेट्रोल पंप प्रबंधक अनुज सिंह निवासी बरौली ने अज्ञात सात बदमाशों के खिलाफ पुलिस को लिखित तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान स्थानीय पुलिस को फोन किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से सात खोखा कारतूस बरामद किए।
घटना के बाद पेट्रोल पंप मालिक और कर्मचारियों में दहशत व्याप्त है। थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी














