
पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने रिजल्ट की समस्याएं भेजने को दिया दो दिन का अंतिम मौका

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने सत्र 2025-26 के विषम और सम सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिए संबद्ध कॉलेजों को दो दिन का अंतिम मौका दिया है। विश्वविद्यालय ने कॉलेजों से शिकायतों का स्पष्ट विवरण प्राचार्य के हस्ताक्षर के साथ ईमेल के माध्यम से भेजने को कहा है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने इस संबंध में ज्ञापन जारी किया है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से 15 जुलाई, 7 अगस्त और 7 सितंबर को भी पत्र जारी कर परीक्षा परिणामों से संबंधित समस्याएं मांगी गई थीं। इसके बावजूद कुछ कॉलेजों ने अब तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है।
विश्वविद्यालय ने निर्देश दिया है कि संबंधित कॉलेज निर्धारित समय में अपनी शिकायतें भेजें। ईमेल सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक भेजा जा सकता है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि बार-बार अवसर देने के बाद यह अंतिम मौका है, ताकि परीक्षा परिणामों से जुड़ी समस्याओं का समय से समाधान किया जा सके।








