
5 फरवरी से शुरू होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं, जौनपुर में केंद्र निर्धारण का इंतजार

जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होकर फरवरी के अंत तक चलेंगी। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बावजूद जिले में अभी तक परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। इससे तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस बार जिले के 651 विद्यालयों के कुल 1,42,334 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 74,044 और इंटरमीडिएट के 68,290 छात्र-छात्राएं हैं। परिषद के अध्यक्ष एवं शिक्षा निदेशक भगवती सिंह ने विषयवार 15 दिवसीय परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है।
उधर, जिले में राजस्व विभाग और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से परीक्षा केंद्रों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। कम समय में तैयारियां पूरी करने की चुनौती भी सामने है। कई विद्यालयों में पाठ्यक्रम पूरा कराने और दोहराई कराने की जरूरत है। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि शासन से दिशा-निर्देश मिलते ही केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने प्रधानाचार्यों को पाठ्यक्रम पूरा कराने और विद्यार्थियों का रिवीजन शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।








