
पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरी सम्मेलन, मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया संबोधित

जौनपुर। पुलिस लाइन में मंगलवार को ग्राम प्रहरी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्राम प्रहरियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव, वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण और जौनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह शामिल हुए।
सम्मेलन में ग्राम प्रहरियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही समाज में सक्रिय असामाजिक और अराजक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, गांवों की गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने और पुलिस व आमजन के बीच समन्वय स्थापित करने में ग्राम प्रहरियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें निर्देश दिया गया कि अपने क्षेत्रों में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।
सम्मेलन में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। ग्राम प्रहरियों को उनके दायित्वों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी, क्षेत्राधिकारी केराकत गिरेन्द्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्राम प्रहरी उपस्थित रहे।















