
चार जिलों के डीएम जल्द बनेंगे कमिश्नर, प्रमोशन के बाद भी जिले की कमान रहने की चर्चा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2011 बैच के चार आईएएस अधिकारियों को करीब तीन महीने बाद प्रमोशन मिल सकता है। प्रमोशन के बाद इन अधिकारियों को मंडलायुक्त पद पर तैनाती मिलने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि ये सभी अधिकारी वर्तमान में प्रदेश के महत्वपूर्ण जिलों में जिलाधिकारी के पद पर तैनात हैं। संभावित प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष वर्मा, लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी, गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा और आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के नाम शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रमोशन के बाद भी कुछ अधिकारियों को मौजूदा जिलों की जिम्मेदारी दिए जाने पर विचार हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। अंतिम निर्णय शासन स्तर पर होने वाले प्रशासनिक फेरबदल के बाद ही स्पष्ट होगा।








