
जौनपुर में सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, लगाए ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे

जौनपुर। जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने हाथों में पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे लगाकर अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की सड़क लंबे समय से खराब है, जिससे उन्हें रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी उन्हें लगातार आवाज उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया तो इसका असर आगामी चुनाव में देखने को मिल सकता है। प्रदर्शन के दौरान ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा लगातार गूंजता रहा।








