
स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग की सख्ती

‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ में 35 का चालान, छह वाहन सीज
जौनपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग की ओर से 14 से 19 सितंबर तक ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जनपद में स्कूली वाहनों की सघन जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है।
दस्तावेज अधूरे मिले, कार्रवाई हुई
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जौनपुर सत्येंद्र कुमार सिंह और यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में स्कूली वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान आवश्यक प्रपत्र और दस्तावेज पूर्ण नहीं पाए जाने पर अब तक 35 स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि छह वाहनों को सीज कर दिया गया।
फिटनेस परमिट तत्काल अपडेट कराने की अपील
एआरटीओ प्रवर्तन सत्येंद्र कुमार सिंह ने जनपद के सभी विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से अपील की है कि विद्यालयों में संचालित सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेज नियमानुसार तत्काल अद्यतन करा लें। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अभिभावक भी सुरक्षा मानक जरूर देखें
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल ले जाने वाले वाहनों की स्थिति और सुरक्षा मानकों की जानकारी रखें। विभाग के अनुसार, स्कूली वाहनों में निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए आवश्यक है।









