जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत सामाजिक वानिकी प्रभाग, जौनपुर द्वारा रविवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत जनपदभर में वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम विकास खंड करंजाकला के ग्राम काफरपुर में आयोजित हुआ, जबकि जिले की सभी तहसीलों एवं विकास खंडों में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ जनसहभागिता से हरित उत्तर प्रदेश का निर्माण करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव तथा विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पूर्व अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के बाद राज्यमंत्री, एमएलसी, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विधिवत पूजन-अर्चन कर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसके बाद अतिथियों ने कृषि विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यान विभाग, वन विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं की जानकारी ली तथा एनसीसी स्वयंसेवकों और आमजन को पौधे वितरित करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बताया कि इस वर्ष जौनपुर में 60 लाख 73 हजार 400 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर 1001 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नियमित सिंचाई, फेंसिंग, सुरक्षा एवं समयबद्ध जियो-टैगिंग कराई जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान लोगों को पौधों से भावनात्मक रूप से जोड़ने का प्रयास है। जिस तरह हर व्यक्ति अपनी माँ की सेवा और सम्मान करता है, उसी भावना से लगाए गए पौधे की भी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने पीपल, बरगद एवं फलदार वृक्षों के अधिकाधिक रोपण पर जोर देते हुए वन विभाग को पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर पूरा प्रदेश इस अभियान से जुड़ा है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से अपनी माँ के नाम कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्राम काफरपुर में लगाया गया पौधारोपण आने वाले वर्षों में घने और हरे-भरे वन का स्वरूप ले, यही अभियान का उद्देश्य है।

कार्यक्रम के अंत में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) श्रीमती दिव्या ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लगाए गए सभी पौधों की सिंचाई, सुरक्षा, जियो-टैगिंग और नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी, ताकि वे भविष्य में विकसित होकर जौनपुर को और अधिक हरित एवं पर्यावरणीय रूप से समृद्ध बना सकें।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव ‘मम्मन’, क्षेत्राधिकारी नगर, परियोजना निदेशक, जिला सूचना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आमजन उपस्थित रहे।




