जौनपुर। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) गाजीपुर और जलालपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 509 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने शिवकुमार यादव और अशुतोष जायसवाल, दोनों निवासी वाराणसी, को हौज टोल प्लाजा के पास हाईवे रेस्ट एरिया से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 509 ग्राम एमडी ड्रग्स, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक चार पहिया वाहन और 920 रुपये नकद बरामद किए गए। इस संबंध में जलालपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे महाराष्ट्र के मुंबई से एमडी ड्रग्स लाकर जौनपुर में 10-20 ग्राम की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे। घटना के दिन भी वे ड्रग्स की सप्लाई करने आए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत एएनटीएफ गाजीपुर और जलालपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

