जौनपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने मंदिर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का एक मंगलसूत्र और 8,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह के नेतृत्व में टीम ने सोमवार को राजा साहब पोखरे के पास स्थित मंदिर के निकट चारों महिलाओं को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशीला देवी, आरती देवी, लाजो और पूजा कुमारी के रूप में हुई है, जो जनपद मऊ की रहने वाली हैं। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी कोतवाली थाने में दर्ज चोरी के दो मुकदमों में वांछित थीं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक पीली धातु का मंगलसूत्र और 8,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।

