• Fri. Jul 3rd, 2026

    मानसून की तैयारियों की समीक्षा, जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

    Share

    जौनपुर। आगामी मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्षा ऋतु के दौरान संभावित समस्याओं से निपटने की तैयारियों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

    जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान जनहानि एवं पशुहानि की किसी भी घटना को रोकने के लिए सभी विभाग पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को सड़कों के गड्ढे तत्काल भरने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान आवागमन प्रभावित न हो।

    विद्युत विभाग को सभी बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों पर चेतावनी (डेंजर) बोर्ड लगाने तथा बारिश के मौसम को देखते हुए विद्युत आपूर्ति एवं सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    नगर निकायों, विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग को सक्रिय मोड में कार्य करने के निर्देश देते हुए उन्होंने अधिशासी अधिकारियों से कहा कि जलभराव रोकने के लिए पंपिंग व्यवस्था दुरुस्त रखें, सभी मेनहोल ढके रहें तथा नालों और नालियों की नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई कराने के भी निर्देश दिए गए।

    जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को अभियान चलाकर सड़कों की पटरियों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों से नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने और जहां भी कमी मिले, उसे तत्काल दूर कराने को कहा।

    बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed