जफराबाद, जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के काजीअहमदनूर नावघाट में कांग्रेस नेता विकेश उपाध्याय ने चार वर्षीय मासूम लक्ष्मी की हत्या से शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़िता के पिता सत्तन निषाद को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि 28 जून 2026 को धनेजा गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान चार वर्षीय लक्ष्मी का कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था। आरोप है कि साहबलाल नामक आरोपी मासूम को झाड़ियों में ले गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मुलाकात के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वीडियो कॉल के माध्यम से पीड़ित परिवार से बात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। साथ ही उन्होंने जल्द ही स्वयं परिवार से मिलने का भी आश्वासन दिया।
विकेश उपाध्याय ने घटना को मानवता को झकझोर देने वाली बताते हुए कहा कि परिवार के किसी सदस्य को यदि जौनपुर में रोजगार की आवश्यकता होगी तो कांग्रेसजन नौकरी की व्यवस्था कराने में भी सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता के साथ भविष्य में भी हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी जघन्य घटनाओं के आरोपियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस अवसर पर दिनेश चौहान, पवन सिंह डम्पी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शीघ्र न्याय की मांग की।


