• Fri. Jul 3rd, 2026

    आम महोत्सव में चमका जौनपुर का सितारा, मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील बागवान सूर्यमणि यादव को किया सम्मानित

    Share

    जौनपुर, 03 जुलाई। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3 से 5 जुलाई तक आयोजित आम महोत्सव-2026 में जौनपुर के प्रगतिशील आम बागवान सूर्यमणि यादव ने अपनी विशिष्ट आम की प्रजातियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उत्कृष्ट आम उत्पादन के लिए उन्हें मुख्यमंत्री द्वारा स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

    जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सीमा सिंह राणा ने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा आयोजित आम महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के किसानों ने अपनी-अपनी आम की प्रजातियों का प्रदर्शन करते हुए स्टॉल लगाए।

    जौनपुर के सिकरारा विकासखंड के विशनुपुर गांव निवासी प्रगतिशील किसान सूर्यमणि यादव ने अपने स्टॉल पर रेड आइवोरी, रेड पाल्मर, ब्रुनेई किंग, R2E2, बनाना मैंगो, किंग ऑफ चाकापात, हनी ड्यू, मियाजाकी सहित अनेक दुर्लभ और विदेशी प्रजातियों के आम प्रदर्शित किए, जो दर्शकों, किसानों और आम उत्पादकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

    कार्यक्रम में उत्कृष्ट आम उत्पादन के लिए प्रदेश के विभिन्न जनपदों के कुल 10 किसानों को सम्मानित किया गया, जिनमें जौनपुर के सूर्यमणि यादव भी शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने उन्हें स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

    सूर्यमणि यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पुत्र अनिल कुमार यादव, जो बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक हैं, तथा उद्यान विभाग के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि उनके बाग में वर्तमान में आम की 140 से अधिक किस्में उपलब्ध हैं। उन्होंने उद्यान मंत्री के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि किसानों के हित में उठाए गए कदमों से आम उत्पादकों के लिए विपणन के नए अवसर उपलब्ध हुए हैं।

    उन्होंने कहा कि यह सम्मान वर्षों की मेहनत, नवाचार और समर्पण का परिणाम है। सूर्यमणि यादव की यह उपलब्धि जौनपुर के आम उत्पादकों के लिए प्रेरणास्रोत बनने के साथ ही पूरे जनपद और उद्यान विभाग के लिए गौरव का विषय है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed