• Fri. Jul 3rd, 2026

    जौनपुर में 15 जुलाई तक चलेगा ‘मिशन सेफ फ्यूचर’, स्कूल वाहनों की होगी सघन जांच

    Share

    जौनपुर, 03 जुलाई। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने जनपद में 1 से 15 जुलाई तक विशेष अभियान ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ शुरू किया है। अभियान के तहत सभी स्कूल वाहनों की सघन जांच की जाएगी तथा बिना फिटनेस, परमिट या निर्धारित सुरक्षा मानकों के संचालित वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) अजीत सिंह ने सभी विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे 7 जुलाई तक विद्यालयों में संचालित सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अद्यतन करा लें। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को स्कूल ले जाने वाले वाहनों के सुरक्षा मानकों की जानकारी रखने और केवल मानक पूरे करने वाले वाहनों का ही उपयोग सुनिश्चित करने की अपील की।

    आरटीओ ने बताया कि 7 जुलाई के बाद परिवहन विभाग, पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर स्कूल वाहनों की जांच करेगी। जांच के दौरान बिना परमिट, बिना फिटनेस अथवा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले वाहनों के विरुद्ध चालान, सीज सहित अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    उन्होंने चेतावनी दी कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद यदि कोई विद्यालय बिना फिटनेस और परमिट वाले वाहनों का संचालन करता पाया गया, तो ऐसे विद्यालयों की सूची तैयार कर सक्षम अधिकारियों को भेजी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विद्यालय की मान्यता निरस्त कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

    परिवहन विभाग ने सभी विद्यालय संचालकों से अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed