• Thu. Jul 2nd, 2026

    यूपीटीईटी-2026: जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, नकलविहीन परीक्षा कराने के दिए निर्देश

    Share

    जौनपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन आयोजन को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने गुरुवार को टी.डी. लॉ कॉलेज एवं टी.डी. कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें और किसी भी तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।

    जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा का सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन आयोजन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आयोग एवं शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने बताया कि यूपीटीईटी-2026 का आयोजन 2 एवं 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को प्रथम पाली में कराया जाएगा। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की प्रभावी निगरानी हेतु 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 5 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 8 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

    जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *