• Mon. Jun 29th, 2026
    Breaking newsBreaking news
    Share

    जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा गांव में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब द्वारपूजा के दौरान लापता हुई साढ़े चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव सोमवार सुबह सई नदी किनारे सरपत के झुरमुट में बरामद हुआ। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने बच्ची के साथ दुराचार के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

    जानकारी के अनुसार, धनेजा गांव निवासी बाबूराम निषाद की पुत्री खुशबू की शादी समारोह में शामिल होने जफराबाद कस्बे के नावघाट मोहल्ला निवासी पिंकी निषाद अपनी चार वर्षीय बेटी लक्ष्मी उर्फ लाडो के साथ आई थीं। रविवार रात करीब साढ़े दस बजे बारात के द्वारपूजा कार्यक्रम के दौरान लाडो अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

    सोमवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से खोजबीन शुरू की। इसी दौरान सई नदी के किनारे धनेजा घाट के पास सरपत के झुरमुट में बच्ची का शव मिलने से पूरे गांव में शोक और आक्रोश फैल गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह, एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर योगिता सिंह, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, सीओ मछलीशहर प्रतिमा वर्मा सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *