जौनपुर। जाफराबाद थाना क्षेत्र के जमैथा ग्राम स्थित गोमती नदी पर बने आंकड़ों पुल के पास बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला के नदी में डूबने के बाद गुरुवार सुबह उसका शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूजा मौर्य (28 वर्ष) पत्नी सोनू मौर्य निवासी जमैथा, थाना जाफराबाद का शव गुरुवार सुबह आंकड़ों देवी स्थल के पास गोमती नदी में मिला। बताया जा रहा है कि बुधवार रात महिला के नदी में डूबने की सूचना के बाद परिजनों और प्रशासन की टीम द्वारा रात भर तलाश अभियान चलाया गया। गुरुवार सुबह घटनास्थल से कुछ दूरी पर नदी में शव बरामद हुआ।
मृतका के मायके पक्ष ने पुलिस को दी गई तहरीर में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पूजा को सुनियोजित तरीके से नदी में धक्का देकर मार दिया गया है। उनका दावा है कि यह आत्महत्या या दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या का मामला है। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतका के भाई ने बताया कि पूजा की शादी दो वर्ष पहले हुई थी। उसका मायका ककोर गहना गांव में है। भाई का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन को आए दिन मारपीट कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं — आत्महत्या, दुर्घटना और हत्या — को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

