जौनपुर/लखनऊ। दिल्ली में UPSC की तैयारी कर रही जौनपुर की एक युवती के साथ लखनऊ में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली के आनंद विहार थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई, जिसे बाद में लखनऊ भेज दिया गया। मामले में जौनपुर के जलालपुर निवासी शिवम यादव समेत अन्य युवकों पर आरोप लगाया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह 15 मई को सुहेलदेव एक्सप्रेस से जौनपुर से दिल्ली जा रही थी। ट्रेन में सफर के दौरान उसने अपने परिचित शिवम यादव को मैसेज किया। इसके बाद शिवम अपने साथी शनि यादव के साथ लखनऊ के चारबाग स्टेशन पहुंचा और उसे ट्रेन से उतार लिया।
आरोप है कि शिवम युवती को सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में मेदांता अस्पताल के पास स्थित अपने कमरे पर ले गया। वहां कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। अगले दिन शिवम का साथी शनि यादव भी कमरे पर पहुंचा और उसने भी जबरदस्ती की। पीड़िता के अनुसार, 17 मई को एक अन्य युवक भी वहां आया और तीनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती का आरोप है कि उसे कमरे में बंद करके रखा जाता था और बाहर जाते समय आरोपी दरवाजे पर ताला लगा देते थे ताकि वह भाग न सके। तीन दिन तक शोषण के बाद आरोपी उसे वापस सुहेलदेव एक्सप्रेस से दिल्ली भेज दिए।
ट्रेन में बैठने के बाद युवती ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी, जिसके बाद जीआरपी ने युवती से संपर्क किया। बाद में आनंद विहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
एडीसीपी साउथ के अनुसार, जांच में पता चला है कि पीड़िता और मुख्य आरोपी एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते थे और दोनों परिवारों में रिश्तेदारी भी है। पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।

