• Fri. Jul 17th, 2026
    Share

    जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बारीगांव नेवादा गांव में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। शादी समारोह से घर लौट रहे युवक पर नीम का पेड़ गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई।

    जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विनय पटेल ने अपना एक नीम का पेड़ बेचा था, जिसे व्यापारी के मजदूर काट रहे थे। इसी दौरान गांव के अरविंद पटेल किसी शादी समारोह में दैजा देकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। जब वह उस स्थान के पास पहुंचे जहां पेड़ की कटाई चल रही थी, तभी विशाल नीम का पेड़ अचानक उनकी ओर गिर पड़ा।

    पेड़ की चपेट में आने से अरविंद पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

    सूचना पर पहुंची मड़ियाहूं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मड़ियाहूं कोतवाली के दरोगा कविद्र नाथ राय ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर रात करीब नौ बजे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।

    बताया जाता है कि मृतक अरविंद पटेल मुंबई में रहकर मजदूरी करते थे और उसी से परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह करीब 15 दिन पहले ही गांव आए थे। उनके परिवार में एक बेटी नेहा तथा दो बेटे नितिन और लकी हैं। उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed