जौनपुर। बदलापुर के भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार के लिए कानून व्यवस्था बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण कार्य होता है और इस मोर्चे पर प्रदेश सरकार सफल रही है।
विधायक ने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल को देखते हुए विपक्ष सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि हाल के कई मामलों में शामिल लगभग 70 प्रतिशत अपराधी समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं। सरकार अपराधियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई कर रही है, जिससे प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है।
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। एनकाउंटर, संपत्तियों की कुर्की और अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई के कारण अपराधियों में कानून का भय बना हुआ है। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
रवि यादव एनकाउंटर मामले में उठ रहे जातिगत सवालों पर विधायक ने कहा कि सरकार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते समय जाति नहीं देखती। उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती और कानून सभी के लिए समान है। चाहे वह किसी भी बिरादरी से संबंधित हो, अपराध करने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रमेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि विपक्ष अक्सर अपराधियों के पक्ष में खड़ा दिखाई देता है और एनकाउंटर जैसी कार्रवाई को जातीय रंग देने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल अपराध और कानून व्यवस्था के आधार पर निर्णय लेती है।
विधायक ने आजाद हिंद हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार द्वारा रवि यादव का नाम लिए जाने के बाद पुलिस ने उसे मुख्य आरोपी मानते हुए कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि मामले की जांच नियमानुसार आगे बढ़ रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कदम उठाए जाएंगे।
सौम्या बिंद की मुख्यमंत्री से मुलाकात के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह भाजपा का आंतरिक विषय है और पार्टी के वरिष्ठ नेता निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऐसे मामलों का संचालन करते हैं।
वहीं, सपा सांसद प्रिया सरोज द्वारा भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अमोद सिंह के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे पर विधायक ने कहा कि एक सांसद के रूप में उन्हें व्यापक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि विवादित तस्वीर पहले से ही प्रिया सरोज के सोशल मीडिया अकाउंट पर मौजूद थी। हालांकि उन्होंने कहा कि अमोद सिंह के मामले पर पार्टी स्तर पर चर्चा कर उन्हें आवश्यक सलाह दी जाएगी।


