• Mon. Jun 1st, 2026
    Share

    जौनपुर। रामपुर विकासखंड स्थित सुल्तानपुर कुटी के श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में रविवार से नौ दिवसीय वाल्मीकि रामायण एवं श्रीराम कथा का शुभारंभ हो गया। आयोजन के पहले दिन भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

    कलश यात्रा श्रीराम जानकी मंदिर, सुल्तानपुर कुटी से प्रारंभ होकर मार्गपुर, सुल्तानपुर बाजार समेत विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, डीजे, बैंड-बाजे तथा आकर्षक धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। यात्रा के दौरान श्रद्धालु जय श्रीराम के उद्घोष के साथ भक्ति रस में सराबोर नजर आए।

    यात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा और बड़ी संख्या में लोग शोभायात्रा के दर्शन के लिए मार्गों पर मौजूद रहे।

    आयोजन में कथा वाचन का दायित्व वृंदावन धाम के परम पूज्य आचार्य श्री रामस्नेही मिश्र महाराज निभा रहे हैं। वे प्रतिदिन श्रद्धालुओं को वाल्मीकि रामायण एवं श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे। कथा का समापन 9 जून को होगा।

    आयोजक अजय मिश्र ने बताया कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की।

    आयोजन के समापन अवसर पर 10 जून को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम को लेकर सुल्तानपुर कुटी एवं आसपास के गांवों में विशेष उत्साह का माहौल बना हुआ है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *