चंदवक (जौनपुर)। भीषण उमस और गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती से नाराज महिलाओं ने शनिवार को चंदवक चौराहे और डोभी विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत आपूर्ति में सुधार और कटौती पर रोक लगाने की मांग करते हुए जूनियर इंजीनियर (जेई) को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा किया जाता है, लेकिन क्षेत्र में मात्र 4 से 6 घंटे ही बिजली मिल रही है, वह भी लगातार अघोषित कटौती के साथ। उन्होंने कहा कि बिजली न रहने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं, बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और गर्मी के कारण लोगों को पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ रही है।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि सीमित समय के लिए मिलने वाली बिजली के दौरान यदि कोई फॉल्ट आ जाता है तो उसे ठीक कराने में भी काफी परेशानी होती है। उनका कहना था कि बिना सुविधा शुल्क के कई बार समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जेई पंकज कुमार को सौंपा। इस पर जेई ने बताया कि विद्युत कटौती का निर्णय उच्च स्तर से लिया जा रहा है और स्थानीय स्तर पर विभाग को मिले निर्देशों का पालन किया जाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
प्रदर्शन में अध्यापिका श्वेता सिंह, चंद्रिका यादव, निर्मला सेठ, तारा सिंह, किरण गुप्ता, गीता यादव, तेतरा देवी, उर्मिला, चांदनी, संजू सोनकर, श्वेता जायसवाल, सरिता, सुनीता, किरण लता, गुड्डी, पुष्पा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।


