• Sat. May 23rd, 2026

    बिजली कटौती और गैस संकट पर कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम कार्यालय का घेराव

    Share

    अघोषित बिजली कटौती व गैस एजेंसियों की अव्यवस्था के खिलाफ कांग्रेसियों ने सौंपा ज्ञापन

    मछलीशहर (जौनपुर)। अघोषित बिजली कटौती और गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी के नाम संबोधित मांगपत्र एसडीएम को सौंपा।

    धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि मछलीशहर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। उन्होंने कहा कि भीषण उमस और गर्मी के बीच लोगों को चौबीस घंटे में मात्र दस घंटे बिजली मिलना जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्बाध 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

    कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी संचालकों की मिलीभगत से गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है और बिचौलियों का दबदबा बढ़ गया है, जबकि प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

    जिला सचिव जब्बार अली सलमानी ने कहा कि बिजली, पानी और रसोई गैस की समस्याएं सरकार की विफल नीतियों का परिणाम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई के बीच आवश्यक सुविधाओं की कमी ने गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग के लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।

    प्रदर्शन की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मछलीशहर के अध्यक्ष मुहम्मद सैफ ने की, जबकि संचालन नगर अध्यक्ष आरिफ सलमानी ने किया।

    इस अवसर पर जिला सचिव एडवोकेट संतोष पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, राजकुमारी मिश्रा, मोहम्मद इब्राहिम, अफरोज अली, जगदीश श्रीवास्तव, इरशाद खान, जनार्दन दूबे, नन्हे शेख, रघुनाथ श्रीवास्तव, अनीस अली, शाहिद अली, कुर्बान अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *