जौनपुर। बराई के थानागद्दी-सिंधोरा मुख्य मार्ग से सोहनी गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग इन दिनों अत्यंत बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के लिए यात्रा जोखिमभरी हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। क्षेत्रीय निवासी पंकज, अमन और प्रकाश ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला, समाधान नहीं।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। पानी भरने और कीचड़ के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। कई बार छोटे वाहन गड्ढों में फंसकर खराब हो जाते हैं, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ती है।
गांववासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस संपर्क मार्ग की मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो सकता है और किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी रहेगी।

