जौनपुर। सुजानगंज में गुरुवार को पंचायत सहायकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राकेश कुमार मिश्रा को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पंचायत सहायकों ने अपनी आर्थिक एवं कार्य संबंधी परेशानियों को लेकर विस्तृत रूप से अवगत कराया।
पंचायत सहायकों की प्रमुख मांगों में वर्तमान मासिक मानदेय 6000 रुपये को बढ़ाकर सम्मानजनक वेतन किए जाने की मांग शामिल है। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम कुशल मजदूरी दर लागू करने की भी अपील की। पंचायत सहायकों ने यह भी मांग रखी कि उन्हें स्थायीकरण के साथ राज्य कर्मचारी का दर्जा प्रदान किया जाए, जिससे उनके भविष्य को सुरक्षा मिल सके।
इसके अलावा पंचायत सहायकों ने पंचायत भवन में सुचारू रूप से कार्य संचालन के लिए स्मार्टफोन, इंटरनेट रिचार्ज और आवश्यक स्टेशनरी उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने मानदेय का भुगतान समय पर सीधे बैंक खाते (डीबीटी) के माध्यम से सुनिश्चित करने की भी बात कही। साथ ही सभी पंचायत सहायकों और उनके आश्रित परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़कर स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ देने की मांग भी रखी गई।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार मिश्रा ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर जो भी कार्य संभव हैं, उनके लिए एडीओ पंचायत को निर्देशित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ज्ञापन को उच्च अधिकारियों के पास भेज दिया गया है और सुधार योग्य कार्यों के लिए एडीओ पंचायत एवं सचिवों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इस मौके पर एडीओ पंचायत उमेश द्विवेदी और वीडियो एजी भी मौजूद रहे।

