जौनपुर। डोभी क्षेत्र के बजरंग नगर बाजार में बुधवार दोपहर विजिलेंस विभाग की टीम ने विद्युत चेकिंग अभियान चलाया। रूटिंग जांच के तहत चलाए गए इस अभियान में बाजार क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं की गहन जांच की गई।
विजिलेंस टीम ने ओवरलोड, बाईपास, विद्युत चोरी तथा अवैध कनेक्शनों की विशेष रूप से पड़ताल की। जांच के दौरान कई संदिग्ध मामलों की जांच की गई और उपभोक्ताओं के कनेक्शनों का सत्यापन किया गया।
विजिलेंस विभाग के अवर अभियंता (जेई) अभिषेक शर्मा ने बताया कि विद्युत चोरी रोकने और राजस्व हानि को कम करने के उद्देश्य से नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि कोई उपभोक्ता नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र में कुछ समय तक हलचल का माहौल बना रहा। विभाग ने उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन का उपयोग करने और बिजली चोरी से बचने की अपील की है।


