जौनपुर। मड़ियाहूं-जलालपुर मार्ग पर चितवार गांव के पास हुए सड़क हादसे में घायल किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान जलालपुर थाना क्षेत्र के बिडौरी गांव निवासी राजेश पटेल (42) के रूप में हुई है। उनके पुत्र रुपेश पटेल के अनुसार, राजेश बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे साइकिल से मड़ियाहूं बीज खरीदने जा रहे थे। चितवार गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
थाना प्रभारी कविंद्र राय ने बताया कि ट्रैक्टर और चालक को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री मधु तथा दो पुत्र रुपेश और मुकेश को छोड़ गए हैं।


