• Sun. May 24th, 2026

    जांच टीम के सामने विकास कार्यों को लेकर भिड़े दो पक्ष, मारपीट का वीडियो वायरल

    Share

    जौनपुर। सिरकोनी ब्लॉक के बिशुनपुर गांव में रविवार को विकास कार्यों में कथित घोटाले की जांच करने पहुंची टीम के सामने ही दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।

    जानकारी के अनुसार गांव निवासी रमेश और इंद्राज यादव ने ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों में लाखों रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी और जिला समाज कल्याण अधिकारी की तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की थी।

    बताया गया कि इससे पहले जांच के दौरान प्रधान का खाता सीज किया जा चुका है, जबकि करीब एक सप्ताह पहले ग्राम सचिव को निलंबित भी किया गया था।

    रविवार को जांच टीम गांव में मेड़बंदी कार्यों की जांच कर रही थी, तभी दो चचेरे भाइयों के परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। एक पक्ष जहां मेड़बंदी कार्य को सही बता रहा था, वहीं दूसरा पक्ष इसे गलत ठहरा रहा था। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गया।

    जांच टीम ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन तनाव बढ़ता गया और स्थिति बिगड़ गई। घटना के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

    वहीं इस मामले में थाना पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed