जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार में रविवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर चलती एक बाइक में अचानक आग लग गई। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार ईसापुर गांव निवासी अनुज बिंद (पुत्र गणेश बिंद) अपनी हीरो कंपनी की बाइक (संख्या यूपी 44 एल 8225) से शाहगंज की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही वह सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार पहुंचे, बाइक की टंकी और हैंडल के पास से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में लपटों ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के दौरान चालक अनुज बिंद ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे वह सुरक्षित रहे। आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
इसी दौरान बाजार में स्थित बैंक से जुड़े सहज जन सेवा केंद्र संचालक कृष्णा कुमार अग्रहरि ने तत्परता दिखाते हुए अपने केंद्र में रखे अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पा लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से आसपास की दुकानों और लोगों को नुकसान होने से बचा लिया गया।
स्थानीय लोगों ने कृष्णा कुमार अग्रहरि की इस तत्परता की सराहना की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या पेट्रोल लीकेज हो सकता है, जबकि कुछ लोग भीषण गर्मी को भी इसका कारण मान रहे हैं।
घटना स्थल से लगभग 50 मीटर दूरी पर पुलिस बूथ होने के बावजूद मौके पर किसी पुलिसकर्मी के न पहुंचने को लेकर भी स्थानीय लोगों में चर्चा रही।

