जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के बेलाव गांव के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार ग्रामीण और सड़क पर मौजूद आवारा सांड के बच्चे के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि सांड के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गजना गांव निवासी हरिराज सिंह रविवार सुबह करीब 9 बजे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि रात में पर्याप्त नींद न लेने के कारण उन्हें रास्ते में झपकी आ गई, जिससे बाइक पर उनका नियंत्रण खो गया।
इसी दौरान उनकी बाइक सड़क पर खड़े आवारा सांड के बच्चे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि हरिराज सिंह बाइक सहित गिर पड़े और उनकी एक टांग गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

