• Sat. Jul 25th, 2026

    पीयू दीक्षांत की तैयारियों का कुलपति ने लिया जायजा

    Share

    83 मेधावियों को 84 पदक, 339 शोधार्थियों को पीएचडी एवं एक को मिलेगी डीएससी की उपाधि

    जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने विश्वविद्यालय परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने समारोह स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह गरिमा, अनुशासन और भव्यता के साथ संपन्न हो।

    निरीक्षण के दौरान कुलपति ने महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन सहित समारोह से जुड़े विभिन्न स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने अतिथियों के स्वागत, विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों की बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, मंच संचालन, यातायात तथा अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए विद्यालय के विद्यार्थियों से भी उन्होंने आत्मीय संवाद किया और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

    कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि वितरण का अवसर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की वर्षों की कठिन साधना, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का गौरवपूर्ण उत्सव है। उन्होंने उपाधि एवं पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और शोधार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, कौशल एवं संस्कारों का उपयोग समाज, राष्ट्र और मानवता के कल्याण के लिए करें। उन्होंने यह भी बताया कि समारोह में उपस्थित होने वाले प्राथमिक विद्यालय के बच्चों से भी संवाद कर उन्हें उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

    विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह 27 जुलाई (सोमवार) को महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में मेजर जनरल गौरव गौतम (अति विशिष्ट सेवा मेडल), अपर महानिदेशक, एन.सी.सी. (उत्तर प्रदेश) उपस्थित रहेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री श्री योगेन्द्र उपाध्याय अतिविशिष्ट अतिथि तथा राज्य मंत्री (उच्च शिक्षा) श्रीमती रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाएंगी।

    दीक्षांत समारोह में 83 मेधावी विद्यार्थियों को 84 पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही 339 शोधार्थियों को पीएचडी तथा एक शोधार्थी को डीएससी (डॉक्टर ऑफ साइंस) की उपाधि प्रदान की जाएगी।

    कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास 26 जुलाई को अपराह्न 12:30 बजे महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में आयोजित होगा। पूर्वाभ्यास एवं मुख्य समारोह में प्रवेश केवल परिचय-पत्र के आधार पर दिया जाएगा। समारोह स्थल पर पेन, बैग, कैमरा, मोबाइल फोन, अस्त्र-शस्त्र एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।

    उन्होंने बताया कि समारोह में भाग लेने वाले विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। छात्राओं के लिए सफेद सलवार, सफेद दुपट्टा एवं हल्के रंग का कुर्ता अथवा हल्के रंग की साड़ी, जबकि छात्रों के लिए सफेद अथवा हल्के रंग की पूरी बांह की शर्ट एवं पैंट अनिवार्य होगी। जींस एवं टी-शर्ट पहनकर समारोह में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *