पूर्व संध्या पर शिव मंदिरों में चला विशेष स्वच्छता अभियान
जौनपुर। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत जनपद में सोमवार को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय ज्योतिर्लिंग कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर रविवार को जनपद के विभिन्न शिव मंदिरों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन के निर्देशन में नगर निकायों, ग्राम पंचायतों तथा संबंधित विभागों के समन्वय से मंदिर परिसरों में साफ-सफाई का कार्य कराया गया। अभियान के अंतर्गत शिवालयों में साफ-सफाई के साथ परिसर में विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की गई तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी श्रमदान कर अभियान में सहभागिता की। इसी क्रम में गौरीशंकर शिव मंदिर सिंगरामऊ, मैदासपट्टी खुटहन, तहसील शाहगंज के विकास खंड सोंधी अंतर्गत शिव मंदिर सहांवे, ग्राम पंचायत सिंगरामऊ स्थित शिव मंदिर, ग्राम पंचायत चंदापुर स्थित शिव मंदिरों, लेदुका में शिव मंदिर सहित जनपद के विभिन्न मंदिरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया। इस अवसर पर प्रमुख शिवालयों में मंत्रोच्चार, ओंकार जाप, महाआरती, रूद्राभिषेक, दीपोत्सव, सोमनाथ संकल्प संवाद, प्रवचन, भजन संध्या के कार्यक्रम स्थानीय समुदाय द्वारा जनभागीदारी के साथ आयोजन कराया जाएगा, साथ ही विद्यालयों में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में रंगोली, निबंध लेखन एवं पेटिंग आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय संस्कृति, आस्था एवं गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इस अवसर पर जनपद मुख्यालय के साथ-साथ सभी तहसीलों एवं विकास खंडों में भी सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिवालयों में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में सोमनाथ स्वाभिमान अंतर्गत कार्यक्रमों में सहभागिता कर भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा के इस गौरवपूर्ण आयोजन को सफल बनाएं।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर सोमवार को प्रातः 8:30 बजे कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। कलश यात्रा कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर डाक बंगला चौराहे स्थित हनुमान मंदिर होते हुए पुलिस लाइन तक जाएगी। इस यात्रा में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की व्यापक सहभागिता रहेगी। इसके उपरांत प्रातः 10:00 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक कलेक्ट्रेट स्थित मीटिंग हॉल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, साथ ही भगवान सोमनाथ के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर विचार व्यक्त किए जाएंगे।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर होंगे विविध आयोजन

