• Sun. Jun 14th, 2026

    कुल्हनामऊ ओवरब्रिज के पास सड़क हादसा, ट्रेलर चालक की मौत

    Share

    बक्शा, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ ओवरब्रिज के पास रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित रहा।

    थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे ट्रेलर चालक संतोष यादव (31) निवासी बयापुर, थाना साहबगंज, जनपद चंदौली, सुल्तानपुर से वाराणसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर आगे चल रहे एक ट्रक चालक ने किसी कारणवश अचानक ब्रेक लगा दिया।

    अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

    सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन चालक को वाहन से बाहर निकालने तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी।

    पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed